Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद रुद्रप्रयाग में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ बास्केटबॉल ग्राउंड आर्मी कैंट रुद्रप्रयाग से हुआ जो गुलाबराय मैदान तक पहुंची। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रैली को फ्लैग ऑफ किया। रैली में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा भी शामिल हुए। रैली में छात्र-छात्राओं ने करीब 50 मीटर लंबे तिरंगे को अपने हाथों में थामकर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ अधिकारी-कर्मचारी वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय सहित देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रप्रेम राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग को स्मरण करने का अवसर देता है। तिरंगा हमारी आन बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं अधिकारियों कर्मचारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि तिरंगा देश की एकता अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों से युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान मजबूत होता है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की अपील की। रैली में जिला भाजपा अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट भूपेंद्र सिंह भंडारी अजय सेमवाल सुरेंद्र सिंह बिष्ट अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहायक निदेशक डेयरी विकास भूपेंद्र सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जनप्रतिनिधि छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp