Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पवित्र श्रावण मास के दौरान जनपद चमोली के विभिन्न शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। बद्रीनाथ धाम रुद्रनाथ कल्पेश्वर गोपीनाथ मंदिर सहित जनपद के विभिन्न मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस द्वारा मंदिर परिसरों प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की सतर्क निगरानी के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन एवं जलाभिषेक किया और सकुशल अपने गंतव्य की ओर लौटे। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर श्रावण मास के दौरान जनपदभर में विशेष यातायात एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग करते हुए हुड़दंग करने यातायात नियमों की अनदेखी करने तथा सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। श्रावण मास के दौरान चमोली पुलिस द्वारा कुल 736 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें 112 वाहन चालकों पर बिना साइलेंसर अथवा अनुचित साइलेंसर के संचालन पर 127 वाहन चालकों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 155 वाहन चालकों पर ट्रिपल राइडिंग के विरुद्ध 97 वाहन चालकों पर अवैध नंबर प्लेट के विरुद्ध तथा 91 वाहन चालकों पर अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। इस दौरान एमवी एक्ट के तहत 582 चालान कर 3,75,500 रुपये तथा पुलिस एक्ट के तहत 154 चालान कर 45,250 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 4,20,750 रुपये की धनराशि वसूल की गई। चमोली पुलिस द्वारा विशेष रूप से मोडिफाइड एवं बिना साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई ताकि तेज एवं अनावश्यक ध्वनि से श्रद्धालुओं स्थानीय लोगों और आमजन को होने वाली परेशानी को रोका जा सके। इसके साथ ही बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग अवैध नंबर प्लेट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती गई। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनपद के धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। चमोली पुलिस का प्रयास रहा कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकुशल अपने गंतव्य तक लौटे। उन्होंने कहा कि आस्था और उत्साह के साथ अनुशासन भी जरूरी है। सड़क पर हुड़दंग तेज एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाना बिना हेलमेट वाहन चलाना अथवा यातायात नियमों की अनदेखी करना स्वयं के साथ-साथ अन्य श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों में चमोली पुलिस द्वारा आगे भी सख्ती के साथ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp