प्रदीप कुमार
यमकेश्वर-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। यमकेश्वर क्षेत्र में चंडी माता मंदिर और श्री हनुमान मंदिर से दानपात्र चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो दानपात्र और 3009 रुपये की नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया। दिनांक 17 अगस्त को वादी देवेंद्र प्रसाद बडोनी निवासी ग्राम बदयूंन यमकेश्वर और राजेश खत्री निवासी निशनी यमकेश्वर द्वारा थाना यमकेश्वर में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि 28 जुलाई 2026 को ग्राम बदयूंन स्थित चंडी माता मंदिर तथा 3 अगस्त 2026 को ग्राम निशनी स्थित श्री हनुमान मंदिर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र चोरी कर लिए गए। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना यमकेश्वर में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के निर्देशन क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चोरी की दोनों घटनाओं के अनावरण के लिए लगातार प्रयास किए। टीम ने सर्विलांस विश्लेषण स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाओं के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की। संभावित संदिग्धों और उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन करने के बाद पुलिस को दोनों घटनाओं में हितेंद्र सिंह नेगी निवासी ठांगर यमकेश्वर की संलिप्तता की पुष्टि हुई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त 2026 को आरोपी हितेंद्र सिंह नेगी को मंदिरों से चोरी किए गए दानपात्र और कुल 3009 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। बरामदगी में दो लाल रंग के लोहे के दानपात्र 500 रुपये के पांच नोट यानी 2500 रुपये तथा 509 रुपये के गिलट के सिक्के शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हितेंद्र सिंह नेगी पुत्र प्रवीण सिंह नेगी निवासी ठांगर यमकेश्वर पौड़ी गढ़वाल उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना यमकेश्वर में पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों चोरी की घटनाओं से संबंधित मुकदमों में आवश्यक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद जिला कारागार पौड़ी भेजा गया। चोरी के खुलासे में उप निरीक्षक अमित कुमार हेड कांस्टेबल 33 लोकेश गिरी कांस्टेबल 04 संजीव कुमार तथा कांस्टेबल शीतांशु, सर्विलांस टीम कोटद्वार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
