Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए तृतीय चरण में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। वर्तमान में तृतीय चरण के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई बीएलओ एवं एईआरओ के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि अभियान के संचालन में सभी राजनीतिक दलों का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जारी किए गए नोटिसों के संबंध में बीएलओ एवं एईआरओ स्तर पर आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। दर्ज आपत्तियों के संबंध में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन भी किया जा रहा है ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी मतदाता को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। नाम में परिवर्तन पते में त्रुटि अथवा पता परिवर्तन जैसी किसी भी समस्या के समाधान के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 अभिलेखों में से किसी एक अभिलेख को उपलब्ध कराया जा सकता है। संबंधित अभिलेख के आधार पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी मतदाता को पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या या परेशानी हो तो वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर उसका समाधान करा सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से पृथक नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं की जानकारी भी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति कांग्रेस अध्यक्ष रुड़की राजेंद्र चौधरी जिला महामंत्री कांग्रेस साहिल राणा जिलाध्यक्ष बीएसपी मदन पॉल सीपीआईएम के राजीव गर्ग जिला अध्यक्ष आम आदमी पार्टी प्रवीण कुमार सिंह जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी महिला प्रियंका जिला कार्यक्रम प्रभारी भाजपा नकली सिंह सैनी चंद्रपाल सिंह अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं उप मेलाधिकारी कुंभ आकाश जोशी सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *