Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में खेल महाकुंभ-2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बालक-बालिकाओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय पंचायत एवं विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। प्रतियोगिता स्थलों पर प्रतिभागी खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने खेल मैदानों में साफ-सफाई पेयजल विद्युत सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रतियोगिताओं के दौरान चिकित्सकों की टीम के साथ एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा ताकि किसी भी आपात स्थिति में खिलाड़ियों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी ने बताया कि खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन 1 से 3 सितंबर तक किया जाएगा। वहीं विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियन ट्रॉफी का आयोजन 16 से 20 सितंबर तक होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए अब तक 9,380 बालक-बालिकाएं पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ के दौरान कबड्डी एथलेटिक्स लंबी कूद ऊंची कूद गोला फेंक भाला फेंक मुर्गा झपट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत एसीएमओ डॉ.सीमा टेकचंदानी खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed