Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नेत्रदान पखवाड़े के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के एमबीबीएस छात्रों ने गुरुवार को जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया। मेडिकल कॉलेज परिसर से शुरू हुई रैली बेस अस्पताल तक निकाली गई। इस दौरान छात्रों ने हाथों में जागरूकता संदेश पोस्टर लेकर लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील की। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत के निर्देशन में नेत्र रोग विभाग एवं कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को नेत्रदान के महत्व इसकी प्रक्रिया तथा समाज के प्रति इसके योगदान की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक एवं नेत्र रोग विभाग के एचओडी डॉ.एएन पांडेय ने कहा कि नेत्रदान महादान है। किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके द्वारा किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में नेत्रदान को लेकर अभी भी कई भ्रांतियां हैं जिन्हें दूर करने के लिए लगातार जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने लोगों से नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ.सुरेंद्र सिंह ने कहा कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली का उद्देश्य संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ने से जरूरतमंद लोगों को दृष्टि का लाभ मिल सकता है। रैली के दौरान एमबीबीएस छात्रों ने लोगों को नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और समाज के प्रत्येक वर्ग से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का आह्वान किया। छात्रों ने कहा कि नेत्रदान केवल एक व्यक्ति की जिंदगी में रोशनी नहीं लाता बल्कि यह समाज में मानवता और संवेदनशीलता का संदेश भी देता है। इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.सिद्धार्थ डॉ.जिज्ञासा डॉ.सुस्मित डॉ.श्वेता सहित मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed