प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। भगवान बद्री विशाल के दर्शन की आस लेकर बद्रीनाथ धाम पहुंचे दो बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए चमोली पुलिस के जवान मददगार बने। चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं की परेशानी को समझते हुए पुलिस जवानों ने उन्हें व्हीलचेयर के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया और सहज एवं सकुशल दर्शन करवाए। ओडिशा से भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंचे 70 वर्षीय डॉ.अरविंद के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वह चलने में असमर्थ थे। पुलिस जवानों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाया और मंदिर तक ले जाकर दर्शन करवाए। इसी तरह ग्वालदम से भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंचीं 80 वर्षीय हरकी देवी भी अधिक उम्र के कारण चलने में असमर्थ थीं। चमोली पुलिस के जवानों ने उनकी भी सहायता की और व्हीलचेयर के माध्यम से उन्हें मंदिर तक पहुंचाकर दर्शन करवाए। दर्शन के बाद दोनों श्रद्धालुओं के चेहरे पर आई मुस्कान और आंखों में नजर आई संतुष्टि ने पुलिस जवानों की सेवा भावना को खास बना दिया। पुलिस जवानों द्वारा बुजुर्ग श्रद्धालुओं की मदद किए जाने से सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी सामने आया।
