Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को नियमित अभियान चलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के क्रम में जनपद पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग शांति भंग करने वाली गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर के नेतृत्व में 28 अगस्त 2026 को थाना श्रीनगर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में कार्यरत कुछ मजदूर सार्वजनिक स्थान पर आपसी शोर-शराबा हुड़दंग एवं अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना श्रीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद व्यक्तियों द्वारा अनावश्यक रूप से हुड़दंग एवं शोर-शराबा किए जाने पर पुलिस टीम ने कुल 15 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त न होने की सख्त चेतावनी दी गई। चालानी कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में रवि कुमार प्रदीप कुमार अक्षय कुमार मिथलेश कुमार अजीत कुमार संजय कुमार शेखर कुमार विजेन्द्र कुमार पंचम कुमार रेशलाल मंडल मनीश कुमार दीपेन्द्र सिंह सुमन प्रशांत कुमार और सूरज शामिल हैं। इनमें अधिकांश व्यक्ति बिहार के किशनगंज एवं पूर्णिया क्षेत्र के निवासी हैं जबकि दीपेन्द्र सिंह सुमन प्रशांत कुमार और सूरज बर्दिया नेपाल के निवासी बताए गए हैं। सभी वर्तमान में एनआईटी सुमाड़ी श्रीनगर क्षेत्र में कार्यरत अथवा निवासरत बताए गए हैं। पौड़ी पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *