प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। महिलाओं एवं कमजोर वर्ग के विरुद्ध अपराधों को लेकर चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पोखरी क्षेत्र में मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। 29 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना पोखरी में तहरीर देकर बताया कि उसकी मूक-बधिर ननद के साथ संजय उर्फ सन्तू पुत्र धर्मपाल निवासी ग्राम सांकरी थाना पोखरी उम्र 34 वर्ष द्वारा जबरन दुष्कर्म किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। मामले का पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आरोपी के विरुद्ध शीघ्र वैधानिक कार्रवाई करने तथा उसकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर निरीक्षण कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। वहीं थानाध्यक्ष पोखरी देवेन्द्र पंत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया। पोखरी पुलिस की तत्परता और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप आरोपी संजय उर्फ सन्तू को घटना की सूचना प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह अपर उप निरीक्षक दलबीर सिंह कांस्टेबल ललित कुमार तथा कांस्टेबल भारत सिंह टोलिया शामिल रहे।
