Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में 24 अगस्त से एक सप्ताह के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूर्ति विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से मलेथा एवं कीर्तिनगर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान द्वारा देवप्रयाग एवं चौरास क्षेत्र में होटल रेस्टोरेंट एवं परचूनी दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए जिन्हें जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि जांच अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें बेकरी का एक खाद्य तेल के दो मिठाई के दो अनाज उत्पाद के दो दूध का एक पनीर का एक तथा नमकीन के तीन नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को आवश्यक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संयुक्त निरीक्षण अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षक राय सिंह एवं जगदीश गैरोला तथा पूर्ति विभाग से ललित मोहन कठैत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *