Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना केवल चालक के लिए ही नहीं बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस तथा सभी कोतवाली प्रभारियों की ओर से पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने, तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने तथा विशेष रूप से शराब पीकर वाहन संचालन करने वालों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कूटी चालक को वाहन लहराते हुए चलाने पर रोका। मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने वाहन चालक किशन सिंह निवासी ग्राम बस्टी कोतवाली अगस्त्यमुनि को गिरफ्तार कर उसकी स्कूटी सीज कर दी। वहीं गत दिवस निरीक्षक यातायात रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में की गई चेकिंग के दौरान भी शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की गई। पुलिस ने दुपहिया वाहन चालक सूरज बहुगुणा निवासी भटवाड़ी पौंठी जखोली कोतवाली रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार कर उसके मोटरसाइकिल को सीज किया। पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों को कई बार इस बात का अहसास नहीं रहता कि उनकी लापरवाही से स्वयं के साथ किसी निर्दोष व्यक्ति की जान भी खतरे में पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *