Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग में लैंड बैंक तैयार करने की कवायद तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में उपलब्ध विभिन्न श्रेणी की भूमि के चिह्नीकरण मैपिंग और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग के अंतर्गत आने वाली भूमि का विस्तृत सर्वेक्षण और मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को रिजर्व वन भूमि तथा राजस्व विभाग को सिविल भूमि की मैपिंग करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि लैंड बैंक तैयार करने का उद्देश्य उपलब्ध भूमि की स्पष्ट और व्यवस्थित जानकारी तैयार करना है जिससे भविष्य में विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता का आकलन आसानी से किया जा सके। उन्होंने दोनों विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जीआईएस विशेषज्ञ की सहायता से जनपद में डिग्रेडेड यानी अवक्रमित भूमि का भी चिह्नीकरण और मैपिंग करने के निर्देश दिए। मैपिंग के दौरान भूमि की स्थिति स्थान और उससे संबंधित आवश्यक विवरण को डिजिटल रूप से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मैपिंग का कार्य पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए ताकि तैयार किए जाने वाले लैंड बैंक में भूमि से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के साथ ही आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी तय किया गया कि मैपिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिह्नित भूमि का केएमएल यानी कीहोल मार्कअप लैंग्वेज फाइल के रूप में डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे चिह्नित भूमि को डिजिटल मैप पर देखा जा सकेगा और आवश्यकता के अनुसार उसका उपयोग एवं विश्लेषण किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि मैपिंग की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और आवश्यक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए ताकि जनपद के लिए एक व्यवस्थित एवं उपयोगी लैंड बैंक विकसित किया जा सके। बैठक में डीएफओ रुद्रप्रयाग विनीत कुमार उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *