Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत पड़ोसी के साथ मारपीट कर उसे डराने-धमकाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त 2026 को मोहित चौधरी पुत्र देवेन्द्र चौधरी निवासी एच-135 शिवालिक नगर रानीपुर हरिद्वार ने सूचना दी थी कि वह सुबह अपने घर शिवालिक नगर से बीएचईएल में ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी दौरान सेक्टर-5 बी खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट की। युवकों ने सन्दीप वर्मा नामक व्यक्ति को पांच लाख रुपये देने तथा जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन कर घटना में शामिल पांच युवकों के संबंध में सुरागरसी और पतारसी की। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 4 सितंबर 2026 को न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड गुजर बस्ती से चार आरोपियों हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान आकाश ऋषभ और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके एक परिचित ने उन्हें सिडकुल में नौकरी लगवाने और रोशनाबाद में सब्जी की ठेली लगवाने के नाम पर मोहित चौधरी के पड़ोस में रहने वाले सन्दीप वर्मा से मिलवाया था। पुलिस के अनुसार सन्दीप वर्मा का मोहित चौधरी से पहले से विवाद चल रहा था। आरोपियों ने बताया कि सन्दीप वर्मा ने शिवालिक नगर स्थित अपने घर पर उनसे कहा कि मोहित चौधरी बीएचईएल में काम करता है और उसने उसकी लड़की के साथ छेड़छाड़ की है। उसने आरोपियों से मोहित को ड्यूटी पर जाते समय रास्ते में मारपीट कर डराने के लिए कहा था। इसके बाद सन्दीप वर्मा ने उनके खर्च के लिए तीन हजार रुपये नकद दिए थे। आरोपियों के अनुसार 13 अगस्त 2026 की सुबह उन्होंने मोटरसाइकिलों से मोहित का पीछा किया। सेक्टर-5 खोखा मार्केट बीएचईएल के पास सुनसान स्थान देखकर उन्होंने मोहित की बुलेट मोटरसाइकिल से आगे निकलकर उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे मोहित की बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर अपने साथ ले गए और आगे जंगल में फेंक दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ग्राम मौजमपुर सदात थाना नजीबाबाद जिला हरिद्वार आकाश पुत्र चंद्रया निवासी ग्राम जुल्फकारपुर गढ़ी तहसील नजीबाबाद बिजनौर उत्तर प्रदेश ऋषभ पुत्र मनोज निवासी ग्राम ढाकी हुसैनपुर थाना नजीबाबाद बिजनौर उत्तर प्रदेश तथा हिमांशु पुत्र मुनेश कुमार निवासी ग्राम जगदीशपुर नजीबाबाद बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह कांस्टेबल विवेक गुसांई कांस्टेबल प्रेम सिंह और कांस्टेबल महेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *