प्रदीप कुमार
बहादराबाद-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2026 के तहत जुआ-सट्टा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सट्टे के सामान और 1810 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2026 के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने मादक पदार्थों नशे के कारोबार और जुआ-सट्टा में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने 4 सितंबर 2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार इब्राहिमपुर जाने वाली सड़क पर पेट्रोल पंप के पास बाइक रिपेयर सेंटर बहादराबाद से सर्वेश पुत्र नैन सिंह निवासी ग्राम इब्राहिमपुर थाना पथरी हरिद्वार को जुआ-सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1810 रुपये की नकदी के साथ सट्टा खाईबाड़ी में इस्तेमाल होने वाला गत्ता पैन व अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस का अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन तथा जुआ-सट्टा करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत और कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह शामिल रहे।
