प्रदीप कुमार
ज्वालापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत चेकिंग और गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था लेकिन वारदात से पहले ही उसे पकड़ लिया गया। पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ज्वालापुर पुलिस की ओर से सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 सितंबर 2026 की रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुल जटवाड़ा के आगे नहर पटरी पुरानी वाली बैराज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी जामा तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रईश उर्फ शोयब पुत्र उमर दराज निवासी निकट उमर मस्जिद सराय कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार बताया। उसका मूल निवास मुस्तफाबाद पदार्था पंचायती घर के पास थाना पथरी जनपद हरिद्वार बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। घटना से पहले ही ज्वालापुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद तमंचा और कारतूस को कब्जे में लेकर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशा करने का आदी है और पूर्व में भी चोरी के मामले में कोतवाली ज्वालापुर से जेल जा चुका है। प्रेस नोट में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार पुष्कर सिंह चौहान कांस्टेबल मनोज डोभाल कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल आलोक नेगी शामिल रहे।
