प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं और मशीनों के रखरखाव का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सुरक्षा एवं निगरानी प्रणालियों का गहनता से परीक्षण किया। ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप डबल लॉक व्यवस्था में सुरक्षित रखी हुई पाई गईं। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की विद्युत व्यवस्था सीसीटीवी कंट्रोल रूम साफ-सफाई और अन्य सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों अग्निशमन यंत्रों और अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता की स्वयं जांच की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निगरानी एवं सुरक्षा उपकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी सामने आने पर उसका तत्काल निस्तारण किया जाए ताकि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था हर समय प्रभावी बनी रहे। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 04 बद्रीनाथ की ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का भी निरीक्षण किया और उनके सुरक्षित रखरखाव की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती कांग्रेस से मोहन लोहनी भाजपा से अमित कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
