Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार क्षेत्र से नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले युवक को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सर्विलांस और पतारसी-सुरागरसी के माध्यम से लगातार प्रयास करते हुए नाबालिग को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से सकुशल बरामद किया। 2 सितंबर 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कोटद्वार में सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस टीम को नाबालिग की सकुशल बरामदगी घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने और संबंधित युवक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। इसके साथ ही सर्विलांस पतारसी और सुरागरसी के माध्यम से लगातार प्रयास किए गए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में नाबालिग एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती हुई दिखाई दी। मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट नहीं था और दोनों के चेहरे ढके हुए थे। इसके बावजूद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखते हुए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। लगातार किए गए प्रयासों के फलस्वरूप पुलिस टीम ने नाबालिग को आजाद कॉलोनी नगीना जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त युवक रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार युवक का विवरण गिरफ्तार युवक की पहचान रोहित पुत्र वीरेन्द्र उर्फ बिन्दा निवासी ग्राम ढकिया थाना नगीना देहात जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता आजाद कॉलोनी नगीना बिजनौर उत्तर प्रदेश बताया गया है। पुलिस टीम इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन अपर उपनिरीक्षक अहसान अली सीआईयू कोटद्वार कांस्टेबल चन्द्रपाल कांस्टेबल सितान्शु सीआईयू कोटद्वार होमगार्ड कुलदीप और महिला होमगार्ड सपना रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *