प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। माँ नन्दा जात यात्रा को सुरक्षित सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ यातायात व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवागमन एवं यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में 11 सितम्बर 2026 को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने चेपड़ो में यात्रा ड्यूटी पर नियुक्त समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 5 सितम्बर 2026 से प्रारंभ हुई माँ नन्दा जात यात्रा में तीनों देव डोलियों के साथ दुर्गम पहाड़ी रास्तों कठिन चढ़ाई-उतराई और बारिश के बीच चमोली पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। जवान श्रद्धालुओं को कठिन रास्तों को सुरक्षित पार कराने में सहयोग करने के साथ यात्रा मार्ग पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। आगे की यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन एवं चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्ग पर अपर पुलिस अधीक्षक के साथ तीन पुलिस उपाधीक्षक पांच निरीक्षक 28 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक 128 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल 14 महिला कांस्टेबल तथा यातायात पुलिस के 12 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आईआरबी की दो प्लाटून एसडीआरएफ की तीन टीमें फायर सर्विस की एक यूनिट और दूरसंचार की टीमें भी तैनात की गई हैं। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि माँ नन्दा जात यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था से जुड़ी यात्रा है जिसकी अपनी विशेष संवेदनशीलता है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के साथ ही यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां भी काफी विषम एवं चुनौतीपूर्ण हैं। कई स्थानों पर दुर्गम पैदल रास्ते कठिन चढ़ाई-उतराई एवं फिसलन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि माँ नन्दा की इस पावन यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और आस्था की इस कठिन डगर को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे। ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल एसडीएम थराली यशवीर सिंह पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत एसडीओ जुगल किशोर तहसीलदार थराली अक्षय पंकज प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गडिया सहित अन्य मौजूद रहे।
