प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस बल की शारीरिक दक्षता मानसिक सजगता एवं अनुशासन को बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में साप्ताहिक पुलिस परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने परेड का मान-प्रणाम ग्रहण किया और परेड का निरीक्षण कर पुलिस जवानों का उत्साहवर्धन किया। परेड के दौरान पुलिस जवानों ने दौड़ शारीरिक व्यायाम टोलीवार ड्रिल एवं मार्च पास्ट का अभ्यास किया। जवानों ने पूरे अनुशासन और तालमेल के साथ परेड में प्रतिभाग किया। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों की कार्यकुशलता एवं आपात परिस्थितियों में तत्परता बनाए रखने के उद्देश्य से शस्त्र संचालन हैंडलिंग एवं सुरक्षा मानकों पर आधारित आर्म्स-ड्रिल का भी अभ्यास कराया गया। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान शस्त्रागार में हथियारों एवं गोला-बारूद की सुरक्षा रख-रखाव एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। परिवहन शाखा में पुलिस वाहनों के रख-रखाव ईंधन व्यवस्था एवं लॉग-बुक का निरीक्षण करते हुए वाहनों को सदैव ड्यूटी के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने मेस एवं बैरकों का निरीक्षण कर जवानों के लिए उपलब्ध भोजन पेयजल स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कर्मियों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यालय एवं अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रख-रखाव डिजिटलीकरण तथा पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखा जाए तथा पुलिस बल की कार्यकुशलता अनुशासन एवं तत्परता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नियमित परेड एवं अभ्यास पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से दक्ष और मानसिक रूप से तैयार रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन एवं टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ करने की अपेक्षा की।
