प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम सुमननगर में हुए जलभराव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जल निकासी का कार्य लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन विभाग तहसील प्रशासन सिंचाई पंचायत विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर मौजूद रहकर जल निकासी के कार्य में जुटी हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि एक सितंबर से लगातार हो रही वर्षा के कारण सुमननगर की गलियों में जलभराव हो गया था। इसके बाद एक सितंबर 2026 से लगातार जल निकासी के लिए पंप सेट टैंकर ट्रैक्टर और ट्रैक्टर पंप सेट लगाए गए हैं। इसके साथ ही जेसीबी की मदद से बन्दा नंबर-2 को काटकर तथा सुमननगर से लगी सुखी नदी तक अस्थायी नाली बनाकर पानी की निकासी की गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बन्दा संख्या 1,2, 4 और 5 की जलभराव प्रभावित गलियों से पानी की निकासी कर दी गई है। वहीं बन्दा संख्या-3 की गलियों में जल निकासी का कार्य अभी जारी है। राहत की बात यह है कि सुमननगर में किसी भी आवासीय मकान में जलभराव नहीं है और केवल गलियों में पानी जमा हुआ था। प्रशासन की ओर से जल निकासी के लिए सक्शन मशीन पंप सेट और जेसीबी मशीनों के माध्यम से तीन स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। सक्शन मशीनों से पानी खींचा जा रहा है पंप सेट के जरिए जलभराव वाले स्थानों से पानी बाहर निकाला जा रहा है तथा जेसीबी की मदद से नालियों की खुदाई और सफाई कर जल निकासी के मार्ग को सुचारु किया जा रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र कानूनगो तहसील प्रशासन सिंचाई विभाग पंचायत विभाग आरकेओ सहित संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा जल निकासी का कार्य लगातार जारी रखते हुए प्रभावित गली संख्या-3 से भी पानी की निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं।
