प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण के प्रारंभ होने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने 12 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग एवं गौरीकुंड तक पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम के साथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं पार्किंग स्थलों शटल व्यवस्था तथा मानसून के दौरान प्रभावित हुए मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीतापुर सोनप्रयाग सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों तथा अस्थायी और शटल पार्किंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यात्रा के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। मानसून के दौरान वर्षा के कारण यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर मलबा एवं पत्थर आने से उत्पन्न परिस्थितियों का भी पुलिस अधीक्षक ने जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ऐसे स्थानों पर मलबा एवं पत्थर हटाने का कार्य तत्काल कराया जा रहा है तथा बंद मार्गों को लगातार खोला जा रहा है ताकि यात्रा सुचारू रूप से संचालित की जा सके। यात्रा मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। मानसून के कारण क्षतिग्रस्त अथवा प्रभावित हुए मार्गों पर आवश्यक रखरखाव एवं सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों एवं यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भी संवाद किया और यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों एवं यात्रियों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण को सुरक्षित सुगम एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करना पुलिस की प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा यातायात पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन के सहयोग से संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा एसएचओ सोनप्रयाग सुरेश बलूनी एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार सहित संबंधित थाना एवं चौकियों पर उपस्थित पुलिस बल मौजूद रहा।
