Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी गढ़वाल डाॅ.मेघना असवाल ने 13 सितंबर को विकासखंड दुगड्डा के अंतर्गत संचालित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा यूपीएचसी दुगड्डा लालपानी मोटाढांग एवं झंडीचौड़-कलालघाटी तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर-एसएचसी काशीरामपुर, लालपानी एवं पदमपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता व्यवस्था मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी दुगड्डा को चिकित्सालय भवन में विद्युत करंट आने की समस्या का तत्काल निराकरण कराने तथा इमरजेंसी वार्ड को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी चिकित्सा इकाइयों में आपातकालीन वार्ड एवं प्रसव वार्ड में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वर्तमान में होने वाली मौसमी बीमारियों जैसे डेंगू मलेरिया बुखार आदि के दृष्टिगत आवश्यक औषधियों का पर्याप्त स्टॉक एवं भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान कलालघाटी स्थित बीपीएचयू लैब का भी निरीक्षण किया गया। यहां डाटा एंट्री ऑपरेटर लैब टेक्नीशियन एवं यंग माइक्रोबायोलॉजिस्ट के पद रिक्त पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने रिक्त पदों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। विकासखंड दुगड्डा में संचालित विशेष स्वास्थ्य ड्राइव के अंतर्गत एससी-एएएम में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कोटद्वार स्थित डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं साफ-सफाई एवं मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद में आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। सभी चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता आवश्यक औषधियों की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ.अश्विनी जिला सलाहकार श्वेता शुभम तथा बीपीएम अखिलेश भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *