Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण के शुरू होने के साथ ही रुद्रप्रयाग पुलिस ने अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली ऊखीमठ और कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को अवैध शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों मामलों में शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को सीज किया है। कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने प्रेम सिंह नेगी पुत्र जय सिंह निवासी ग्राम ताल जामण कोतवाली गुप्तकाशी को स्कूटी वाहन संख्या यूके14एम3276 में 14 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक पूजा रावत आरक्षी धीरेन्द्र सिंह आरक्षी विनोद डुंगरियाल और आरक्षी राकेश नेगी शामिल रहे। वहीं कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस ने हर्षपाल सिंह पुत्र केशर सिंह निवासी ग्राम तुलंगा कोतवाली गुप्तकाशी जनपद रुद्रप्रयाग को स्कूटी वाहन संख्या यूके19बी0189 में 18 बोतल इम्पीरियल ब्लू अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतीश चंद्र मुख्य आरक्षी मनवर और आरक्षी सुनील शामिल रहे। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है। केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण को देखते हुए पुलिस द्वारा अवैध शराब के भंडारण बिक्री और परिवहन पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *