प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 14 सितंबर की रात कोतवाली पौड़ी क्षेत्र में छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वाहन को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही सार्वजनिक स्थल पर उपद्रव किया जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच की। जांच के आधार पर उपद्रव कर शांति भंग करने में शामिल 7 युवकों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को 15 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए युवकों में वंश उम्र करीब 21 वर्ष निवासी चोपड़ा पौड़ी सैंपी उर्फ आदित्य ठाकुर उम्र 19 वर्ष निवासी पौड़ी गढ़वाल कमलेश उर्फ कमली उम्र 20 वर्ष निवासी पौड़ी गांव हिमांशु उर्फ गोली उम्र 24 वर्ष निवासी पौड़ी गढ़वाल सुधाकर नैथानी उम्र 24 वर्ष निवासी पौड़ी गढ़वाल शुभम उर्फ टीटू उम्र 20 वर्ष निवासी पौड़ी गढ़वाल और मनजीत असवाल उम्र 24 वर्ष निवासी चोपड़ा पौड़ी गढ़वाल शामिल हैं।
