प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड रिखणीखाल के राजकीय पशु चिकित्सालय कोटड़ीसैंण के क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोटरी में सोमवार को लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं बचाव को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के साथ ही पशुओं की देखभाल और आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। पशुपालकों को रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने पशुओं की साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर विभागीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा ने बताया कि जागरूकता शिविर के साथ ही ग्राम कोटरी में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। शिविर में 30 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया जबकि 24 पशुपालक लाभान्वित हुए। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं के स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
