प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। नई टिहरी के बौराड़ी स्थित मेडिकल स्टोर्स का उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता वरिष्ठ औषधि निरीक्षक चंद्रप्रकाश नेगी औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में औषधि अनुज्ञप्ति की शर्तों के अनुपालन फार्मासिस्ट की उपलब्धता सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान एक औषधि प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित फर्म की औषधियों की बिक्री एवं खरीद पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। संयुक्त टीम ने अन्य औषधि प्रतिष्ठानों को औषधियों का उचित भंडारण करने तथा कोल्ड स्टोरेज को निर्धारित मानकों के अनुरूप उचित स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही एक्सपायरी औषधियों को विक्रय योग्य औषधियों से अलग रखने और उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। संयुक्त निरीक्षण के दौरान सभी औषधि प्रतिष्ठानों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं उसके अधीन बनाए गए नियमों का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
