Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गठित जनपद स्तरीय समिति की बैठक विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सभी तहसीलों एवं विकासखंडों की उप समितियों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी शासकीय कार्यालयों में उपलब्ध जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण कर जनसामान्य के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का आकलन करें। जहां भी कमियां पाई जाएं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में जनसामान्य के उपयोग के लिए स्वच्छ एवं सुगम शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय उपलब्ध हों। इसके साथ ही दिव्यांगजन एवं बच्चों के अनुकूल शौचालयों सहित आवश्यक सुविधाएं भी प्रत्येक कार्यालय में विकसित की जाएं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी उप समितियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान जनसुविधाओं की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाए और निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण एवं रिपोर्ट के माध्यम से कार्यालयों में उपलब्ध जनसुविधाओं की स्थिति स्पष्ट होगी और आवश्यक कमियों को दूर कर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *