Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। महिला कल्याण विभाग टिहरी गढ़वाल की ओर से विकासखंड जौनपुर के राजकीय इंटर कॉलेज म्याणी में बाल अधिकार एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सुपरवाइजर प्रीति बिजलवान एवं राधा भट्ट ने छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं तथा इसके माध्यम से बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम बाल विवाह साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के लिए अनाथ प्रमाण पत्र विशिष्ट दत्तक अभिकरण के माध्यम से कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चों को गोद लेने एवं देने सहित बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण सहित कुल 230 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों सुरक्षा उपायों एवं आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *