प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की 86वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे आयुक्त गढ़वाल मंडल पौड़ी आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत विभिन्न मदों की समीक्षा की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तुत बजट पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बजट का अनुमोदन प्रदान किया गया। प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त भवनों के विक्रय के संबंध में दिशा-निर्देश देते हुए निर्णय पारित किया गया। वहीं प्राधिकरण में मानचित्रों में आ रही कठिनाइयों के दृष्टिगत प्रस्तुत प्रकरणों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बोर्ड बैठक के उपरांत प्राधिकरण की संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्राधिकरण के भावी विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए और कार्यों को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में उपाध्यक्ष हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण सोनिका जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नन्दन कुमार अध्यक्ष नगर पालिका शिवालिकनगर हरिद्वार राजीव शर्मा एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बोर्ड बैठक का संचालन हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
