Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड पोखरी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 233 लोगों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को भी गंभीरता से सुना गया। शिविर में सात शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित 25 लोगों के आवेदन पत्रों के फॉर्म भरवाए गए ताकि उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं स्वरोजगार सामाजिक सुरक्षा कृषि उद्यान स्वास्थ्य महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई। शिविर में ब्लॉक प्रमुख राजी देवी जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा मुख्य उद्यान अधिकारी नितेंद्र सिंह खंड विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार खंडूड़ी एवं सहायक विकास अधिकारी अंकित भट्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी राकेश सजवाण ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *