प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी गौरीकुण्ड पुलिस को चेकिंग के दौरान सफलता मिली है। पुलिस ने गौरीकुण्ड बैरियर पर चेकिंग के दौरान खच्चरों के माध्यम से ले जाई जा रही 131 बोतल शराब बरामद की है। मौके से एक व्यक्ति को पकड़ा गया जबकि दो अन्य घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को छोड़कर फरार हो गए। दिनांक 25 सितंबर 2026 को चौकी गौरीकुण्ड पुलिस द्वारा गौरीकुण्ड बैरियर पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सोनप्रयाग की ओर से आ रहे एक खच्चर संचालक को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस के अनुसार वह पुलिस को देखकर सकपकाने लगा। इसी दौरान उसके पीछे से आ रहे दो अन्य घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने तीनों घोड़ों पर लदे सामान की चेकिंग की। सामान की जांच के दौरान अन्य सामग्री के साथ शराब की बोतलें बरामद हुईं। तीनों खच्चरों से कुल 131 बोतल शराब 11 पेटी बरामद की गई। बरामद पूरी शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया। पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त घोड़ों के टैग नंबर के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। साथ ही इन घोड़ों को फाटा स्थित अश्वशाला में भिजवाया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शेर बहादुर पुत्र दल बहादुर निवासी ग्राम दाहनगर पालिक खाडा वार्ड नंबर 6 जिला कालीकोट नेपाल हाल निवासी सोनप्रयाग पार्किंग के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड आरक्षी अर्जुन सिंह आरक्षी सुल्तान सिंह तथा पीआरडी जवान पंकज कुमार चौकी गौरीकुण्ड शामिल रहे।
