प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा विकासखंड पौड़ी एवं विकासखंड कोट में ग्राम प्रधानों के लिए टीबी मुक्त पंचायत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों को टीबी रोग की पहचान जांच उपचार तथा टीबी मुक्त पंचायत बनाने में पंचायतों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ.कल्याणी तिवारी ने ग्राम प्रधानों को टीबी रोग के लक्षणों की पहचान समय पर जांच एवं उपचार टीबी रोगियों को मिलने वाली सुविधाओं तथा निक्षय पोषण योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों के बारे में भी विस्तार से बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर टीबी की पहचान एवं जांच को बढ़ावा देना तथा पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से टीबी मुक्त गांव एवं टीबी मुक्त पंचायत बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों को जागरूक एवं सहभागी बनाना रहा। इस अवसर पर विकासखंड पौड़ी एवं कोट के ग्राम प्रधानों द्वारा अपने-अपने गांव को टीबी मुक्त बनाने के लिए शपथ भी ली गई। ग्राम प्रधानों ने टीबी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने संभावित टीबी मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने तथा उपचाराधीन मरीजों को अपना उपचार पूरा करने के लिए सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान एसटीएस नीरज भंडारी ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विवेक घिल्डियाल तथा ग्राम प्रधान मानवेंद्र सिंह रावत सदानंद ममगाई कुसुमलता रवींद्र प्रसाद सुबोध कुकसाल आदि मौजूद रहे।
