Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार की भावना को धरातल पर पहुंचाते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कोट में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया तथा मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने प्रभारी मंत्री तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया। राजकीय इंटर कॉलेज कोट की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। शिविर में पशुपालन उद्यान कृषि शिक्षा एनआरएलएम परिवीक्षा खाद्य उद्योग सहकारिता स्वास्थ्य मत्स्य समाज कल्याण एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर माइक्रो लेवल पर लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि प्रत्येक प्रधान अपने गांव की आवश्यकताओं और विकास की चिंता करते हुए विभागों के साथ समन्वय से कार्य करेगा तो विकास की गति और तेज होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी के साथ योगदान देना होगा ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सुशासन की भावना को मजबूत करने के लिए सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं बुजुर्गों युवाओं बालिकाओं एवं किशोरों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के विकास के लिए संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को 4-4 लाख रुपये के फार्म मशीनरी बैंक एक लाभार्थी को जियोलाइन टैंक तथा चार लाभार्थियों को नैपसेक स्प्रे वितरित किए गए। मत्स्य विभाग के एक लाभार्थी को चेक प्रदान किया गया। ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत छह लाभार्थियों को चेक दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट तथा समाज कल्याण विभाग के पांच लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। गौरा देवी मातृशक्ति क्लस्टर की प्रमुख लक्ष्मी देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की योजनाओं से मिल रहे सहयोग एवं लाभ के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। राजकीय इंटर कॉलेज कोट के विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी जल संचयन एवं जल संरक्षण से संबंधित अपने नवाचार एवं प्रयोगों का प्रदर्शन किया। कक्षा सातवीं के छात्र प्रियांशु तथा कक्षा दसवीं के छात्र शौर्य ने अपने तैयार किए मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के नवाचार की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सराहना की। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज कोट की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार आराधना देवी पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णिमा नेगी ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात डीपीआरओ जितेंद्र कुमार डीएसटीओ राम सलोने सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *