प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला सूचना विभाग द्वारा जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल मदमहेश्वर घाटी लोक कला मंच द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में गीत-नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने लोकगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ पात्रता एवं उद्देश्यों की सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की गई। जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टमटा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा ग्रामीणों को उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि लोक कला लोकगीत एवं गीत-नाट्य के माध्यम से दी जाने वाली जानकारी ग्रामीणों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सूचना विभाग द्वारा पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें।
