प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड नन्दानगर में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट राज्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी तथा ब्लॉक प्रमुख हेमा नेगी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने आमजन से संवाद करते हुए क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही लोगों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं सेवाओं पात्रता आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी। शिविर में विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 235 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आमजन की ओर से अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित पांच प्रकरण प्रस्तुत किए गए जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 32 आवेदन पत्र मौके पर भरवाए गए जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को कृषि उद्यान ग्राम्य विकास समाज कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विजय प्रसाद पुरोहित शिविर के नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधानगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
