प्रदीप कुमार
बीरोंखाल-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की 78 ग्राम पंचायतों में से 68 ग्राम पंचायतों में उत्तराखंड जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि परियोजना जलागम के तहत वर्ष 2024 से 2030 की अवधि में विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। बीरोंखाल विकासखंड में इस परियोजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परियोजना के सफल संचालन के लिए मैठाणाघाट एवं स्यूंसी में तीन यूनिट गठित की गई हैं। प्रदर्शन इकाई और ग्राम पंचायत बजट के तहत अब तक सिंचाई के लिए 12 एलडीपीई टैंक तथा सात वाटर हार्वेस्टिंग टैंक तैयार किए गए हैं। उद्यान के लिए ड्रिप सिंचाई की 10 प्रदर्शन इकाइयां सब्जी उत्पादन के लिए 30 प्रदर्शन इकाइयां और मल्चिंग तकनीक की 57 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदर्शन इकाइयों के तहत रबी फसल के लिए गेहूं सरसों मटर आलू और लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए वितरित किया गया है। खरीफ फसल के लिए मक्का मंडुवा उड़द मूंग धान सोयाबीन और स्वीट कॉर्न का बीज 102 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए दिया गया है। सब्जी एवं मसाला उत्पादन के लिए टमाटर बैंगन शिमला मिर्च भिंडी फ्रासबीन हल्दी और अदरक का बीज 25 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए वितरित किया गया है। इसके अलावा नौ वर्मी कंपोस्ट और 21 बायो-कंपोस्ट प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं। 90 पॉलीटनल लगाए गए हैं। बकरी की नस्ल सुधार के लिए 21 बकरों का वितरण किया गया है। बहुउद्देशीय शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कालेज के नवीन भवन एवं कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवीन भवन तथा रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने चितौणखाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए चार लाख रुपये तथा हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी-बड़ेस ढय्या तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि को जलवायु अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का समाधान करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर समाज कल्याण बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह नेगी ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप ग्राम प्रधान अंजली देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिया देवी एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी बीईओ वर्षा भारद्वाज जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक वीरेंद्र रावत अधिशासी अभियंता लोनिवि लोकेश सारस्वत प्रधानाचार्य कुलदीप बिष्ट सहित सुयश रावत ओमपाल बिष्ट यशवंत बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
