Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को नरेंद्रनगर तहसील सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तहसील दिवस में धनवीर सिंह भण्डारी पूर्व प्रधान सल्डोगी ने अवगत कराया कि आगराखाल-कुशरेला मोटर मार्ग पर रघुवीर सिंह अनवीर सिंह वीना देवी धर्मसिंह और प्रवीन सिंह के आवासीय भवन हैं। आवासीय घरों के सम्मुख सड़क गहरी होने के कारण वर्षाकाल में जलभराव हो जाता है। सड़क पर करीब एक किलोमीटर दूर तक सभी नाले बंद हैं जिससे पानी घरों की ओर घुस जाता है। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने लोनिवि नरेंद्रनगर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बिरेन्द्र सिंह भण्डारी ग्राम डौंर ने विगत वर्ष की आपदा से मकान को हुए नुकसान का मुआवजा दिए जाने के लिए पत्रावली तैयार कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार नरेंद्रनगर को मामले की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पूर्व प्रधान ग्राम खार्की धर्म सिंह ने सिंचाई गूल के पुस्ते टूटने तथा विभिन्न स्थानों पर गूल क्षतिग्रस्त होने के कारण अगली फसल की बुवाई में होने वाली समस्या से अवगत कराया। इस पर लघु सिंचाई विभाग को समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम तलाई निवासी सुरेन्द्र सिंह भण्डारी ने नरेंद्रनगर-तलाई मोटर मार्ग के विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने तथा सड़क किनारे झाड़ियां होने से आवागमन में हो रही कठिनाइयों की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने लोनिवि को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। होशियार सिंह कैंतुरा निवासी ग्राम डौर ने गांव के संपर्क मार्ग एवं अंदर के रास्तों की खराब स्थिति के कारण आवागमन में हो रही परेशानी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गांव का विद्यालय भी जर्जर स्थिति में है और विद्यालय के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने विद्यालय भवन की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नरेंद्रनगर ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.डीके शर्मा मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *