प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय जखोली में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही महिलाओं एवं समुदाय को पोषण स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रूप से गोदभराई की रस्म पूरी की गई जबकि पांच नौनिहालों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। साथ ही 12 लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जखोली सेक्टर की 42 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धात्री महिलाएं तथा बाल विकास परियोजना कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
