प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के साथ-साथ उनकी हरसंभव सहायता के लिए चमोली पुलिस लगातार तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में बद्रीनाथ में तैनात पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग घटनाओं में श्रद्धालुओं के खोए हुए मोबाइल फोन पर्स एवं अन्य कीमती सामान तलाश कर सकुशल उनके सुपुर्द किए। हेड कांस्टेबल चंदन नगरकोटी एवं कांस्टेबल शीशपाल ने एक श्रद्धालु का खोया हुआ सैमसंग जेड फोल्ड मोबाइल फोन तलाश कर सकुशल उनके सुपुर्द किया। वहीं कांस्टेबल आशुतोष तिवारी ने भी एक श्रद्धालु का खोया हुआ मोबाइल फोन ढूंढकर उन्हें वापस किया। इसी क्रम में मध्य प्रदेश निवासी प्रियांशु को सड़क पर गुजरात निवासी यात्री अजीत का गिरा हुआ आईफोन मिला। प्रियांशु ने ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मोबाइल फोन पुलिस की सहायता से उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया। पुलिस की मौजूदगी में मोबाइल फोन यात्री अजीत को सकुशल वापस किया गया। एक अन्य मामले में रुद्रप्रयाग निवासी विनीत गौड़ भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए बद्रीनाथ धाम पहुंचे थे। इस दौरान उनका मंदिर परिसर में पर्स कहीं खो गया। पर्स में करीब पांच हजार रुपये की नकदी एवं एटीएम कार्ड था। पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात हेड कांस्टेबल दिवाकर सती ने पर्स को सुरक्षित रखकर उसकी पहचान सुनिश्चित की और बाद में उसे सकुशल विनीत गौड़ के सुपुर्द किया। चमोली पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशील पहल से श्रद्धालुओं को न केवल उनका खोया सामान वापस मिला बल्कि यात्रा के दौरान पुलिस की मदद और भरोसे का अनुभव भी हुआ।
