प्रदीप कुमार
थलीसैंण-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। थलीसैंण क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ गाली-गलौच, उत्पीड़न एवं जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के प्रयास से संबंधित मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। थलीसैंण निवासी वादी ने थाना थलीसैंण में शिकायत दर्ज कराई थी कि नरेन्द्र सिंह निवासी मरोड़ा थलीसैंण ने उनकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ गाली-गलौच एवं उत्पीड़न किया। शिकायत में बताया गया कि 19 सितंबर 2026 को नरेन्द्र सिंह ने उनकी पुत्री को जबरन पकड़कर उसके मुंह में जहरीला पदार्थ पिलाने का प्रयास भी किया। शिकायत मिलने के बाद थाना थलीसैंण पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में जांच के दौरान वादी पीड़िता एवं अन्य व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों का संकलन और परीक्षण किया गया। जांच में सामने आए साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी नरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम मरोड़ा थलीसैंण की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सामने आने पर पुलिस टीम ने उसे 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र सिंह पुत्र पूरण सिंह निवासी मरोड़ा चोपड़ाकोट थलीसैंण पौड़ी गढ़वाल है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
