प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में गोपेश्वर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों और आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए पुलिस ने कल शाम अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे खुलेआम शराब का सेवन कर हुड़दंग मचा रहे 29 व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया। इनमें युवा और अधेड़ उम्र के लोग शामिल थे। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी 29 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 13,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस की कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आमजन को परेशान करने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शराब के नशे में हुड़दंग करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को आने-जाने में असुविधा होने के साथ ही सार्वजनिक माहौल भी प्रभावित हो रहा था। हाल ही में व्यापार संघ के साथ आयोजित बैठक में भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गोपेश्वर पुलिस ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई की और अलग-अलग टीमों को मैदान में उतारकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने पकड़े गए सभी व्यक्तियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आमजन को परेशान करना हुड़दंग मचाना अथवा सार्वजनिक शांति भंग करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस प्रकार के कृत्य की पुनरावृत्ति पाए जाने पर उनके विरुद्ध और अधिक कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
