प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर जनपद में अवैध वन संपदा के दोहन एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिबंधित वन उपज की तस्करी पर विशेष निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में एसओजी चमोली की टीम ने चिडिंगा-देवाल रोड पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 140 नग अवैध कीड़ा जड़ी यारसागंबू बरामद हुई। पूछताछ में व्यक्ति की पहचान कुंवर सिंह पुत्र ललित सिंह निवासी ग्राम खुम्पी थाना बल्वाकोट जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई। बरामद की गई कीड़ा जड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। अवैध कीड़ा जड़ी बरामद होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। चमोली पुलिस द्वारा जनपद की बहुमूल्य वन संपदा के अवैध दोहन संग्रहण एवं तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध वन उपज के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्र बुटोला कांस्टेबल सलमान खान और कांस्टेबल रजत शामिल रहे।
