Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बालासौड़ में मां के घर से सोने चांदी के लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी कर राजस्थान भागे बेटे को कोटद्वार पुलिस ने झालूपुरा जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 10.50 तोला सोने के आभूषण और 891 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। 5 अक्टूबर 2026 को अनीता निवासी बालासौड़ कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर से सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पूछताछ की। अभियुक्त की तलाश के लिए संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के पुत्र ने ही अपने घर से जेवर चोरी किए थे। पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचनाओं तकनीकी साक्ष्यों एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्त के राजस्थान में होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपांशु राजपूत निवासी बालासौड़ कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल को झालूपुरा जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये कीमत के 10.50 तोला सोने के आभूषण तथा 891 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त की खर्च करने की आदतों तथा अपनी व्यक्तिगत आवश्यकताओं और शौक पूरे करने के लिए उसने अपनी मां के जेवर चोरी किए थे। घटना के बाद वह चोरी किए गए आभूषणों के साथ घर से फरार होकर राजस्थान चला गया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *