प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्योहारी सीजन और नवरात्र पर्व को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की। इस दौरान प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटवाते हुए व्यापारियों को निर्धारित स्थान पर ही सामान रखने की हिदायत दी गई। पुलिस ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए गए। वाहन चालकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त बाजार क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से त्योहारी सीजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशिक्षु रिक्रूट कांस्टेबलों को पुलिस प्रबंधन भीड़ नियंत्रण यातायात व्यवस्था और दैनिक ड्यूटी के निर्वहन के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की कि आगामी त्योहारी सीजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में सहयोग करें। बाजारों में अतिक्रमण न करें। यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
