Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने 18 और 19 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब के साथ दो तस्करों को पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से माल्टा ब्रांड की कुल 42 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार निवासी प्रदीप उर्फ दीपा को पकड़ा गया। उसके कब्जे से माल्टा ब्रांड की 22 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई। दूसरी कार्रवाई में मिश्रा गली ब्रह्मपुरी हरिद्वार निवासी सूरज वर्मा को पकड़ा गया। उसके कब्जे से माल्टा ब्रांड की 20 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। उसके विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस द्वारा जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी कांस्टेबल बिरेन्द्र बनौला कांस्टेबल रितेश कुमार और कांस्टेबल सीपी पवनीश कवि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *