प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री बद्रीनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्क है। धाम क्षेत्र में नो फ्लाई जोन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर बद्रीनाथ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उड़ान रुकवाई और संबंधित व्यक्ति का चालान किया। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के अंबिका निवासी ऋषभ द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम के प्रतिबंधित नो फ्लाई जोन में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाया जा रहा था। मौके पर मुस्तैद बद्रीनाथ पुलिस की टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए ड्रोन की उड़ान रुकवाई। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। चमोली पुलिस धाम की संवेदनशीलता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि नो फ्लाई जोन में बिना अनुमति ड्रोन न उड़ाएं और स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
