Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। त्योहारी सीजन में यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण में दी गई संस्तुतियों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 और गेट संख्या 6 के मध्य स्थित डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। इसके साथ ही सड़क पर सवारियां बैठाने और उतारने वाले ऑटो तथा विक्रम वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी लगातार जारी है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस अड्डा क्षेत्र में यातायात सुचारु बनाने तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से संयुक्त निरीक्षण में की गई संस्तुतियों पर कार्रवाई शुरू की गई है। त्योहारी सीजन में यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के कारण यातायात का दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 और गेट संख्या 6 के बीच स्थित डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसका उद्देश्य वाहनों के अनावश्यक यू टर्न और विपरीत दिशा में आवागमन को रोकना है। इस व्यवस्था से यातायात को एक दिशा में संचालित करने और रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डे के आसपास लगने वाले जाम को कम करने में मदद मिलेगी। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक नो ई रिक्शा जोन बनाने का प्रस्ताव भी संयुक्त निरीक्षण की प्रमुख संस्तुतियों में शामिल है। इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने की कार्रवाई पुलिस विभाग के स्तर पर प्रक्रियाधीन है। प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने से रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के सामने मुख्य मार्ग पर ई रिक्शा के अनियंत्रित आवागमन पर रोक लगाने और यातायात को सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी। यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए क्षेत्र में चार ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी एएनपीआर कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इन कैमरों की स्थापना से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करने और उनके विरुद्ध कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी। रेलवे स्टेशन और बस अड्डा क्षेत्र में निर्धारित स्थानों के अलावा सड़क पर सवारियां बैठाने और उतारने वाले ऑटो तथा विक्रम वाहनों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ परिवहन विभाग की मोबाइल प्रवर्तन टीमें भी नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं। त्योहारी सीजन में यातायात का दबाव बढ़ने के कारण प्रवर्तन और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। प्रस्तावित नो ई रिक्शा जोन में यातायात प्रतिबंधों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए छह होमगार्ड जवानों की तैनाती का प्रस्ताव भी दिया गया है। प्रतिबंध लागू होने के बाद इन जवानों के माध्यम से नियमित निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने की योजना है। संयुक्त निरीक्षण में रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 से वाहनों के प्रवेश और गेट संख्या 6 से निकास की व्यवस्था लागू करने का सुझाव भी दिया गया है। इसके साथ ही निर्धारित स्थानों पर ही सवारियों को बैठाने और उतारने तथा यातायात का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने सहित अन्य सुझाव भी दिए गए हैं। इन संस्तुतियों को लागू करने के लिए पुलिस परिवहन विभाग नगर निगम और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य रेलवे स्टेशन और बस अड्डा क्षेत्र में स्थायी सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था विकसित करना है ताकि स्थानीय नागरिकों यात्रियों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत मिल सके। त्योहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों द्वारा लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी ऑटो विक्रम और ई रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित स्थानों पर ही सवारियों को बैठाएं तथा उतारें। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *