प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस के जवानों ने वर्दी के साथ सेवा का जज्बा दिखाते हुए मानवता की मिसाल पेश की है। कोतवाली कोटद्वार में तैनात चालक कांस्टेबल परमजीत सिंह ने जरूरतमंद महिला की सहायता के लिए रक्तदान किया। वहीं कोटद्वार के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने 24वीं बार रक्तदान कर समाज सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। कोतवाली कोटद्वार में नियुक्त चालक कांस्टेबल परमजीत सिंह ने श्यामलाल बगीचा पदमपुर कोटद्वार निवासी 42 वर्षीय शशि देवी को आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान कर मदद पहुंचाई। महिला की किडनी फेल होने के कारण उनका नियमित रूप से डायलिसिस किया जाता है। इसके चलते उन्हें समय-समय पर ओ नेगेटिव रक्त की आवश्यकता पड़ती है। महिला को अचानक रक्त की जरूरत होने पर कांस्टेबल परमजीत सिंह ने आगे आकर रक्तदान किया और जरूरतमंद की सहायता कर मानवता का परिचय दिया। वहीं कोटद्वार के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने जानकीनगर कोटद्वार स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर में 24वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने इस पहल के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। पौड़ी पुलिस के जवानों का यह सराहनीय प्रयास मानवता सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है। रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों को उपचार में मदद मिलती है। पुलिस जवानों की यह पहल समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है। पौड़ी गढ़वाल पुलिस सेवा सुरक्षा और संवेदनशीलता के लिए सदैव तत्पर है।
