प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने तथा आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपदभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित इस अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में हरकी पौड़ी से किया गया। अभियान में श्रीगंगा सभा और नगर निगम के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। विशेष स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों के साथ आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखना है ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए यह अभियान जनपद के शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 7 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ सामाजिक संगठनों तथा संत समाज से सहयोग की अपील की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और औद्योगिक इकाइयों के साथ आमजन से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ हरिद्वार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। अभियान के दौरान गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही आमजन को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि जनपद को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है जहां देश-विदेश से प्रतिवर्ष करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने आते हैं। मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने और जनपद के सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में यह विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान 7 नवंबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए धार्मिक संस्थानों और जनपदवासियों के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं और सभी सामाजिक संगठनों से भी अभियान में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। तीर्थनगरी हरिद्वार की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर वातावरण मिल सके। नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पवन कार्की ने भी लोगों से नगर निगम के माध्यम से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से तीर्थस्थल हरिद्वार को साफ और स्वच्छ बनाया जा सकता है। बुधवार को चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान लगभग दो कुंतल सूखा और गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। इस अवसर पर श्रीगंगा सभा से वीरेंद्र कौशिक और अनुराग सरदार सहित हिमांशु तथा अनुराग मौजूद रहे। इसके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तथा नगर निगम के पर्यावरण मित्र और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सहभागिता की।
