Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर हरिद्वार पुलिस के जवान एकत्रित हुए और कर्तव्य पथ पर अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विगत एक वर्ष में शहीद हुए पुलिस कर्मियों को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र और फूल अर्पित कर वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में शहीद हुए पुलिस जवानों के नामों का उच्चारण किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने सर्वप्रथम शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किया। तत्पश्चात सभी पुलिस अधिकारियों ने क्रमवार पुष्प चक्र और पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान को याद किया। इन जवानों ने सामाजिक शांति और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। कार्यक्रम के अंत में सेरेमोनियल गार्द द्वारा शहीद पुलिस कर्मियों को शोक सलामी दी गई। इस दौरान सभी पुलिस अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों के बलिदान को नमन किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा और एकता के साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दिलाता है। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति और कर्तव्यपरायणता के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *